सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), पिता बंसीधर चौहान, मोहरदास बैरागी (55), पिता बुद्धेश्वर दास बैरागी और शेतकुमार पटेल (62), पिता हरि प्रसाद पटेल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में गायन करने जा रहे थे। इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार मुस्कान बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बस की टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।












