वाराणसी। सर्दियों की दस्तक के साथ ही काशी के गंगा घाटों पर साइबेरियन प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो गया है। करीब चार हजार किलोमीटर की दूरी तय कर पहुंचे ये पक्षी गंगा की लहरों पर अठखेलियां करते और आसमान में झुंड बनाकर उड़ते नजर आ रहे हैं। इनकी चहचहाहट से घाटों की रौनक बढ़ गई है। नौका विहार करने वाले पर्यटकों के लिए भी ये खास आकर्षण बने हुए हैं।
अस्सी, दशाश्वमेध, अहिल्याबाई और नमो घाट समेत गंगा किनारे के कई स्थानों पर सुबह के समय इन पक्षियों को देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भीड़ जुट रही है। नावों के आसपास मंडराते पक्षियों के झुंड पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। लोग नौका विहार के दौरान इनके नजारे को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
ये प्रवासी पक्षी आमतौर पर नवंबर से फरवरी के अंत तक काशी और आसपास के गंगा तटीय इलाकों में प्रवास करते हैं। साइबेरिया और आसपास के ठंडे क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ने तथा झीलों के जम जाने से भोजन की उपलब्धता कम हो जाती है। ऐसे में अनुकूल मौसम और भोजन की तलाश में ये भारत का रुख करते हैं। मौसम गर्म होने पर ये अपने बच्चों के साथ वापस लौट जाते हैं।
अहिल्याबाई घाट के नाविक पप्पू साहनी के मुताबिक, अभी इन पक्षियों की संख्या कम है, लेकिन ठंड बढ़ने के साथ इनकी तादाद में इजाफा होने की उम्मीद है। वहीं, बीएचयू के जन्तु विज्ञान के परास्नातक छात्र आकाश कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे प्रवासी पक्षियों को ब्रेड, नमकीन और लाई न खिलाएं। इस तरह का भोजन उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से पक्षियों के प्राकृतिक भोजन और उनके आवास को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की।












