चंदौली। जिले की सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 149 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 29 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नारियल के नीचे छिपाकर कर रहे थे तस्करी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक डीसीएम ट्रक (UP65QT1970) वाराणसी से बिहार की ओर जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मझवार स्टेशन के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध डीसीएम दिखाई दी।
चेकिंग देख ट्रक चालक ने वाहन कुछ दूर पहले ही रोक दिया और उसमें सवार तीनों तस्कर भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो नारियल पानी के नीचे छिपाकर रखी गई 7 बोरियों और पैकेटों से कुल 149 किग्रा गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
- पुलिस पूछताछ में तीनों तस्करों की पहचान इस प्रकार हुई:
- राजीव विश्वकर्मा पुत्र रामजी विश्वकर्मा, निवासी तिवारीपुर थाना चौबेपुर, वाराणसी (उम्र 44 वर्ष)
- आशीष कुमार मिश्रा पुत्र रामबली मिश्रा, निवासी खोनपुर थाना चौबेपुर, वाराणसी (उम्र 30 वर्ष)
- बसंत विश्वकर्मा पुत्र राजकुमार विश्वकर्मा, निवासी नवापुरा थाना चोलापुर, वाराणसी (उम्र 25 वर्ष)
पुलिस की सख्ती
इस कार्रवाई के संबंध में सदर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार मौर्या ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध मु.अ.सं. 238/2025, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
अभियान के तहत कार्रवाई
यह गिरफ्तारी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
- एडीजी पीयूष मोर्डिया,
- डीआईजी वैभव कृष्ण,
तथा एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चंदौली पुलिस लगातार नशे के धंधे पर नकेल कस रही है।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













