चंदौली। चहनियां ब्लॉक के ग्राम सभा खर्रा हांडा में बन रहे कंपोजिट विद्यालय के नवनिर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी गांव त्रिपाठ निवासी निहोरी चौहान ने विद्यालय और ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने चेतावनी दी है कि कब्जा हटाए बिना निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
ग्रामीणों की शिकायत
गांव के लोगों का कहना है कि यह जमीन सरकारी कार्यों और सार्वजनिक हित के लिए सुरक्षित है। इस पर केवल विद्यालय और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए ही निर्माण होना चाहिए। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत एसडीएम कार्यालय में भी की है।
युवा संघर्ष मोर्चा का समर्थन
इस विवाद को लेकर युवा संघर्ष मोर्चा के शैलेन्द्र पांडेय भी ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि विद्यालय निर्माण में किसी भी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी। संगठन ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
आंदोलन की चेतावनी
गांव वालों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक विद्यालय की जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटेगा, वे निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। यदि आवश्यक हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर पहुंचे। इनमें प्रमुख रूप से देवशरण राम (मास्टर), शिवनाथ यादव (मास्टर), राजनाथ राम (मास्टर), अंशु राम, रामलाल राम, मुराहू राम, सुरेश राम, लालू राम, रामजन्म दुबे, राजनरायन दुबे, विभूति नारायण तिवारी, अनिल तिवारी, आनंद दुबे, रमेश दुबे, कमल दुबे, सुराहु राम, दिनेश दुबे, शिवा दुबे सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













