चंदौली। जिले में शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार देर शाम लोको कॉलोनी स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 27.17 लीटर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
आरपीएफ को शराब तस्करी की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम और आरपीएफ ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान तीनों युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपी और पहचान
पुलिस ने जिन युवकों को पकड़ा है, उनकी पहचान बाबुल कुमार (सहरसा, बिहार), दुख्खन कुमार और नितीश कुमार (दोनों निवासी वैशाली, बिहार) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 21 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
बरामद शराब का पूरा ब्योरा
गिरफ्तार युवकों के पास से पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की। इसमें शामिल है—
- 24 बोतल 8PM अंग्रेजी शराब (375 एमएल)
- 03 बोतल रॉयल स्टेग (750 एमएल)
- 49 टेट्रा पैक ऑफिसर च्वाइस (180 एमएल)
- 28 टेट्रा पैक विंडसर देशी शराब (200 एमएल)
कुल मिलाकर लगभग 27.17 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये आंकी गई है।
बिहार में बेचते थे महंगे दाम पर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे आसपास के शराब ठेकों से सस्ती शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे, जहां शराबबंदी लागू है। वहां वे इसे ऊंचे दाम पर बेचकर अच्छा मुनाफा कमाते थे। इसी पैसे से वे अपने शौक पूरे करते थे।
केस दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पकड़े गए युवकों के खिलाफ थाना अलीनगर पर केस संख्या 424/25, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
टीम को मिली सफलता का श्रेय
इस कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पासवान, कांस्टेबल प्रवेश सिंह, आरपीएफ टीम के शरत चंद्र यादव, आरक्षी योगेश कुमार और राजीव रंजन पाठक शामिल रहे।













