मुगलसराय। मुगलसराय सर्कुलेटिंग एरिया के बगल में स्थित पुराने रोडवेज बस स्टैंड पर वर्षों से जारी अतिक्रमण को हटाने के लिए रेलवे पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। भारी दलबल और बुलडोजर के साथ पहुंचे अधिकारियों ने अवैध निर्माण और दुकानों को तोड़कर समतलीकरण किया।
अधिकारियों ने बताया कि उक्त क्षेत्र रेलवे की जमीन है, जिस पर कई वर्षों से कुछ लोग अवैध रूप से दुकानें चला रहे थे। रेलवे पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई रेलवे संपत्ति की रक्षा और क्षेत्र में यातायात व पर्यावरण व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
बुलडोजर से दुकानों को गिराए जाने के बाद जमीन को समतल किया गया और भविष्य में पुन: अतिक्रमण रोकने के लिए सुरक्षा व निगरानी बढ़ाने की योजना बनाई गई है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि इससे बस स्टैंड और आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनेगा।
रेलवे पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी तरह के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।









