चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। दो दिन पहले ही जीवानंद मौर्य की चार माह की बेटी दिव्यांशी का निधन हुआ था। परिवार अभी गम से उबर भी नहीं पाया था कि बीती रात चोरों ने उनके घर को निशाना बना डाला। चोर छत के सहारे अंदर घुसे और सोने की अंगूठी, पायल, मंगलसूत्र, कान की बाली समेत लगभग पचास हजार रुपये नकद व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिजन उठे तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। स्तब्ध परिवार ने तत्काल धानापुर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन का कहना है कि वारदात की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इससे पहले 19 सितंबर को अहिकौरा गांव में भी स्वेता के घर चोरी हुई थी, उस समय भी परिवार किसी हादसे के सदमे से गुजर रहा था।
इधर, पड़ोसी मधुपुर गांव में भी चोरों ने कहर बरपाया। उदल राम के घर और दुकान दोनों को निशाना बनाया गया। देर रात जब परिवार सो रहा था, तभी चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और घर में घुसकर नकदी व सामान पार कर गए। सुबह जागे परिजन हालात देखकर दंग रह गए। उदल राम के अनुसार, करीब 20 हजार रुपये नकद और कीमती सामान चोरी हो गया।
दोनों गांवों में लगातार घटनाओं से लोगों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की तत्काल गिरफ्तारी और इलाके में सख्त गश्त की मांग की है।









