मिर्जापुर। ग्राम भरपुरा में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, रिकॉर्ड में गड़बड़ी और राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि के कथित अवैध आवंटन के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनील कुमार पांडे के नेतृत्व में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर 21 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्राम भरपुरा में माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के तहत चल रही चकबंदी प्रक्रिया में व्यापक अनियमितताएं की जा रही हैं। उनका कहना था कि दलित, पिछड़े और वर्षों से भूमि पर काबिज किसानों की जमीनों को कथित रूप से प्रभावशाली लोगों के पक्ष में दर्ज किया जा रहा है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी करोड़ों रुपये मूल्य की करीब 16 बीघा भूमि राजनीतिक दबाव और भ्रष्टाचार के माध्यम से कुछ लोगों को आवंटित किए जाने का आरोप लगाया गया।
आम आदमी पार्टी ने चकबंदी लेखपाल सूर्यभान पाल और बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी को तत्काल निलंबित करने तथा पूर्व चकबंदी अधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्रा की पेंशन पर रोक लगाने की मांग भी की। पार्टी का आरोप है कि चकबंदी अभिलेखों में भी गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और पुराने रिकॉर्ड के गायब होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे ने कहा कि इस मामले की शिकायत पहले भी मुख्यमंत्री और चकबंदी आयुक्त से की जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भी इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
जिलाध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ग्राम भरपुरा के किसानों और ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चकबंदी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक करेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव रमाशंकर साहू, नगर अध्यक्ष इकबाल मंसूरी, राजेश कुमार, छोटेलाल तिवारी, पूर्व प्रधान सज्जन राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।













