मिर्जापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सिद्धनाथ की दरी में पिकनिक मनाने आए वाराणसी के एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह गोताखोरों की मदद से शव बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी निवासी राकेश साहनी (32 वर्ष) 15 जुलाई को अपने दोस्तों के साथ सिद्धनाथ की दरी घूमने पहुंचे थे। इस दौरान वह जलप्रपात के पास नहा रहे थे। नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे कुंड में जा गिरे। पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वह कुछ ही क्षणों में लापता हो गए।
साथियों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चलने पर घटना की सूचना सक्तेशगढ़ चौकी पुलिस को दी गई। रात होने और अंधेरा बढ़ने के कारण तत्काल राहत एवं खोज अभियान रोकना पड़ा।
गुरुवार सुबह पुलिस टीम गोताखोरों के साथ दोबारा मौके पर पहुंची। कई घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव गहरे पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चुनार कोतवाली प्रभारी विजय शंकर पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत डूबने से हुई है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि जलप्रपात, झरनों और गहरे जलकुंडों में नहाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा प्रतिबंधित और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।













