वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में तेलियानाला चौकी प्रभारी पर दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत है कि एसीपी से मुलाकात के बाद चौकी प्रभारी ने एक पीड़ित और मौके पर मौजूद वरिष्ठ पत्रकार के साथ परिसर में अभद्र व्यवहार किया, जिससे मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घाट किनारे लगातार हो रही अराजक गतिविधियों से परेशान एक व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर एसीपी विजय प्रताप सिंह के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि एसीपी और संबंधित इंस्पेक्टर ने बैठक के बाद करीब 10 मिनट तक पीड़ित के पांच पन्नों के प्रार्थना पत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ा और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
आरोप है कि इसी दौरान चौकी प्रभारी ने एसीपी के सामने तो पीड़ित से सख्ती से बात की, लेकिन उनके जाने के बाद अपना व्यवहार बदल लिया और पीड़ित के साथ बदसलूकी करने लगे। मौके पर मौजूद एक वरिष्ठ पत्रकार ने जब शालीनता बनाए रखने की बात कही, तो चौकी प्रभारी ने कथित तौर पर कहा कि “मेरा काम करने का यही स्टाइल है” और तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया।
सूत्रों के मुताबिक, चौकी प्रभारी पर यह भी आरोप है कि वह पहले से ही विपक्षी पक्ष से सांठगांठ कर एकतरफा कार्रवाई कर रहे हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है।
मामले को लेकर पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जिले के पुलिस आयुक्त इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और क्या संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया जाता है।









