मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन सोमवार को मीरजापुर में सेवा और जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने 53 पाउंड का केक काटकर जन्मदिन की खुशियां मनाईं, वहीं रक्तदान, फल वितरण, पौधारोपण और भंडारे का आयोजन कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी कार्यालय में केक काटने से हुई। इसके बाद समाजवादी कार्यकर्ताओं ने मंडलीय अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पौधारोपण भी किया गया। वहीं पार्टी कार्यालय में आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों के अनुसार करीब पांच हजार लोगों ने भंडारे में सहभागिता की।
जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने अखिलेश यादव के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के बीच सेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव दोबारा प्रदेश की बागडोर संभालेंगे।
नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता और सम्मान पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाना पार्टी की सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक जगतंबा सिंह पटेल, अशोक यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया।









