लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भर्ती संस्थाओं के नेतृत्व की तस्वीर बदल गई है। वर्ष 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पुलिस महानिदेशक (पीएसी) और विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के महानिदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी नियुक्ति के साथ ही प्रदेश के चारों प्रमुख भर्ती बोर्डों की कमान आईपीएस अधिकारियों के पास आ गई है।
आलोक सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत पांच दिन पहले सेवानिवृत्त हुए थे। उनके जाने के बाद डॉ. ए.के. वर्मा कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आलोक सिंह जनवरी 2027 में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले थे। हालांकि, नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब वह 62 वर्ष की आयु तक, यानी करीब दो वर्षों तक आयोग के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।
प्रदेश के चारों प्रमुख भर्ती संस्थानों में अब पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों का नेतृत्व होगा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की जिम्मेदारी आलोक सिंह को मिली है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पूर्व पुलिस महानिदेशक सत्यनारायण साबत हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की कमान पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार के पास है, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष पुलिस महानिदेशक स्तर के आईपीएस अधिकारी एस.बी. शिरडकर हैं।
मूल रूप से अलीगढ़ निवासी आलोक सिंह ने विज्ञान में स्नातक के साथ अर्थशास्त्र और प्रबंधन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वह नोएडा के प्रथम पुलिस आयुक्त रहे। इसके अलावा कानपुर जोन में अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ परिक्षेत्र में पुलिस महानिरीक्षक और कानपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पुलिस वीरता पदक और राष्ट्रपति पुलिस पदक सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। उनकी नई नियुक्ति के बाद अब प्रदेश की प्रमुख भर्ती संस्थाओं का संचालन आईपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में होगा।












