वाराणसी। कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में 500 बेड के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण के लिए परिसर में तोड़फोड़ और विभागों को स्थानांतरित करने का काम जारी है। इसी क्रम में अस्पताल के सात वार्डों को ध्वस्त करने की तैयारी है। मरीजों को इलाज में परेशानी न हो, इसके लिए 152 बेड की व्यवस्था मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई (एमसीएच विंग) में कर दी गई है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, एमसीएच विंग में तीन अलग-अलग वार्डों में मरीजों के लिए बेड उपलब्ध कराए गए हैं। दूसरे तल पर सर्जिकल वार्ड में 36 बेड रखे गए हैं, जबकि तीसरे तल पर आर्थो वार्ड के लिए 32 और मेडिकल वार्ड के लिए 84 बेड की व्यवस्था की गई है। इस तरह कुल 152 बेड पर मरीजों को स्थानांतरित किया गया है।
निर्माण कार्य के लिए अस्पताल परिसर में पुराने भवनों को हटाया जा रहा है। आवासीय भवन को पूरी तरह ध्वस्त किया जा चुका है। अब वार्ड नंबर पांच से 10 तक के भवनों के साथ सहायक नर्सिंग अधीक्षक कार्यालय को भी तोड़ने की कार्रवाई चल रही है। इसके अलावा जी-42 भवन के निर्माण के लिए खोदाई शुरू हो चुकी है।
आगामी चरण में अस्पताल के कई महत्वपूर्ण विभागों को भी दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा। इनमें ब्लड बैंक, आईसीटीसी, कार्डियक वार्ड, बर्न यूनिट, ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी सहित अन्य विभाग शामिल हैं। इनकी शिफ्टिंग क्रमवार इमरजेंसी और एमसीएच विंग में की जाएगी।
मंगलवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय के अपर निदेशक डॉ. संजय कुमार शैवाल ने मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण और मरीजों के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने उन्हें बेड शिफ्टिंग और वार्डों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।












