, ,

देव दीपावली पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर अस्सी घाट पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम वाराणसी के सहयोग से आईटीसी मिशन सुनहरा कल के तहत उमंग सुनहरा कल सेवा समिति की ओर से आयोजित इस अभियान में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को धार्मिक आस्था के साथ गंगा और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान स्वच्छता मैस्कॉट के जरिए लोगों को गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने तथा उनका उचित निस्तारण करने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही खंडित मूर्तियों और पूजन सामग्री के सुरक्षित संग्रहण एवं निस्तारण के तरीके भी बताए गए। श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य अपशिष्ट गंगा में प्रवाहित न करें।

लोगों को ‘रिफिल, रीयूज, रिपीट’ का संदेश देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और रोजमर्रा के जीवन में दोबारा उपयोग होने वाले उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। घाट पर बनाया गया आकर्षक सेल्फी पॉइंट और स्वच्छता मैस्कॉट श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहे। इनके माध्यम से ‘स्वच्छ घाट, स्वच्छ गंगा, स्वच्छ काशी’ का संदेश प्रसारित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आयोजनों में जनभागीदारी बढ़ाकर स्वच्छता को प्रोत्साहित करना और गंगा सहित घाटों को स्वच्छ बनाए रखना है। साथ ही लोगों को पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम वाराणसी और आईटीसी मिशन सुनहरा कल की इस पहल के माध्यम से देव दीपावली को स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण अनुकूल बनाने का आह्वान किया गया।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!