वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर गांव के पास रिंग रोड फेज-2 अंडरपास के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय चंदन पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में शामिल कार दूल्हे की बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान खेवसीपुर गांव निवासी चंद्रशेखर पटेल और गीता देवी के छोटे बेटे चंदन पटेल के रूप में हुई। वह दो भाइयों में छोटा था और उसकी एक बहन भी है। हादसे में जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस फरार कार और उसके चालक की पहचान कर तलाश में जुटी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।












