वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इलाज के नाम पर मरीजों से अतिरिक्त धन वसूलने और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सीएमओ ने चेतावनी दी है कि यदि किसी अस्पताल में सरकारी डॉक्टरों की डिग्री या नाम का इस्तेमाल कर निजी तौर पर चिकित्सा संस्थान संचालित किया जा रहा है, तो संबंधित अस्पताल संचालक के साथ डॉक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ऐसे मामलों की जांच करेगा और अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नए निर्देशों के तहत सभी निजी अस्पतालों के लिए प्रत्येक इलाज की दरों का बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा। मरीजों को उपचार और जांच से संबंधित शुल्क की स्पष्ट जानकारी देनी होगी। निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अस्पतालों को अवैध मानते हुए सील करने की कार्रवाई की जा सकती है।
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से इलाज के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलने के मामलों को भी गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित अस्पताल को सील करने और डॉक्टर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सरकारी डॉक्टरों को भी मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने चेताया है कि मरीजों के साथ अभद्रता की शिकायत मिलने पर संबंधित सरकारी डॉक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इसके अलावा किसी निजी अस्पताल में सरकारी डॉक्टर का नाम पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर सख्त कदम उठाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान गलत तरीके से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों पर रोक लगाने के साथ मरीजों से इलाज के नाम पर होने वाली अतिरिक्त वसूली पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. एमपी सिंह ने कहा है कि कहीं भी शिकायत या अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















