, ,

एक ही गली के लिए दो बार बजट मंजूर होने का आरोप, कांग्रेस ने मांगी जांच

वाराणसी। दनियालपुर वार्ड की करीब 300 मीटर लंबी गली के निर्माण को लेकर नगर निगम और विधायक निधि से स्वीकृत धनराशि पर विवाद खड़ा हो गया है। महानगर कांग्रेस कमेटी ने सवाल उठाया है कि जब नगर निगम पहले ही इस गली के निर्माण के लिए 17.88 लाख रुपये का शिलान्यास करा चुका है, तो महज तीन महीने बाद उसी स्थान पर विधायक निधि से 21.33 लाख रुपये कैसे स्वीकृत कर दिए गए।

कांग्रेस के मुताबिक, नगर निगम की ओर से कराए गए शिलान्यास के शिलापट्ट पर महापौर, संबंधित पार्षद और शहर उत्तरी के विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल का नाम दर्ज था। अब उसी स्थान पर त्वरित आर्थिक विकास योजना (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत विधायक निधि से स्वीकृत 21.33 लाख रुपये का दूसरा शिलापट्ट लगाए जाने की बात सामने आई है।

पार्टी ने दोनों स्वीकृतियों को लेकर निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का कहना है कि दोनों योजनाओं की लागत में 3.45 लाख रुपये का अंतर है। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि दोनों बजट अलग-अलग कार्यों के लिए हैं या एक ही गली के निर्माण के लिए दोबारा धनराशि मंजूर की गई है।

महानगर कांग्रेस कमेटी ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने संबंधित विभागों से दोनों योजनाओं के तहत प्रस्तावित कार्यों, स्वीकृत बजट और अब तक हुए निर्माण की स्थिति सार्वजनिक करने को कहा है, ताकि धनराशि के दोहरे आवंटन को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके।

अधिकारियों का पक्ष: मामले में संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया अभी प्राप्त नहीं हो सकी है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!