चंदौली। देव दीपावली के पावन अवसर पर चहनिया क्षेत्र के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा गंगा तट रोशनी से जगमगा उठा। गंगा की लहरों के बीच दीपों की सुनहरी आभा ने घाट को अलौकिक रूप दे दिया। चारों ओर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
घाट पर दीप प्रज्ज्वलित होते ही मनमोहक दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुट गए। गंगा तट पर सजी दीपों की कतारों ने पूरे वातावरण को प्रकाशमय बना दिया। लोगों ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की और इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरों में कैद किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, देव दीपावली के दिन देवता स्वर्ग से उतरकर काशी सहित गंगा के पावन तटों पर दीपोत्सव मनाते हैं। इसी आस्था और परंपरा को जीवंत करते हुए बलुआ घाट पर 21 हजार दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से जगमगाता पश्चिम वाहिनी गंगा तट श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।
बलुआ घाट पर आयोजित इस दीपोत्सव ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। देर तक श्रद्धालु गंगा तट की मनमोहक छटा निहारते रहे।












