चंदौली। चहनियां कस्बे में चंदौली-वाया सैदपुर हाईवे पर दुकानों के सामने दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाने को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। बोर्ड लगाने का विरोध करते हुए व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव और खंडवारी के प्रधानपति सतीश गुप्ता ने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और विरोध के चलते बोर्ड लगाने का काम रुकवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, लंबे इंतजार के बाद चंदौली-वाया सैदपुर हाईवे का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिली है। हालांकि, चहनियां कस्बे में यातायात और प्रकाश व्यवस्था के साथ सड़क किनारे लगाए जा रहे दिशा सूचक बोर्ड को लेकर स्थानीय व्यापारियों और लोगों में असंतोष है।
बुधवार को दुकानों के सामने बोर्ड लगाए जाने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव और प्रधानपति सतीश गुप्ता ने आपत्ति जताई। मौके पर पहुंचे कार्यदाई संस्था के अधिकारियों से उनकी तीखी बहस हुई। प्रधानपति ने कहा कि दिशा सूचक बोर्ड दुकानों के ठीक सामने लगाने के बजाय कुछ दूरी पर ऐसी जगह लगाए जाएं, जहां व्यापारियों के प्रतिष्ठानों और आवागमन में कोई बाधा न हो।
इस दौरान डिवाइडर पर लगी लाइटों के बंद रहने का मुद्दा भी उठाया गया। प्रधानपति सतीश गुप्ता ने बताया कि खंडवारी गांव में बंधवापर जाने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य में लगे डंपर ने करीब दो महीने पहले बनी सड़क को लगभग 150 मीटर तक क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने भी कस्बे की यातायात व्यवस्था और व्यापारियों की सुविधाओं का सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। दिशा सूचक बोर्ड ऐसे स्थानों पर लगाए जाएं, जहां यातायात सुचारु रहे और दुकानदारों को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों से दिशा सूचक बोर्ड, बंद पड़ी लाइटों और क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या का समाधान कराने की मांग की। विरोध के बाद बोर्ड लगाने का काम रुक गया। अब संबंधित संस्था की ओर से इन समस्याओं पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर स्थानीय लोगों की नजर है।
















