चंदौली। व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया की मौजूदगी में हुई बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं।
बैठक में व्यापारियों ने सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर एएसपी विक्रम दहिया ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों को नोट किया और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने का भरोसा दिया। वहीं, पुलिस विभाग से इतर अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने व्यापारियों से अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध और अवांछित व्यक्तियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में भी सहयोग मिल सकेगा।
बैठक में सरदार दीपू सिंह, अलकेश राज कुंवर और चंद्र प्रकाश शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।












