चंदौली। थाना क्षेत्र के ग्राम बसाढ़ी स्थित गोलू ज्वेलर्स में लूट की कोशिश कर रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका एक साथी गिरफ्तार कर लिया गया और एक फरार हो गया।
घटना उस समय हुई जब तीन युवक ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और अचानक शटर गिराकर लूट की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने दुकान संचालिका के साथ मारपीट करते हुए कैश बॉक्स से करीब 5 हजार रुपये निकाल लिए और हथियार दिखाकर धमकी दी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दो आरोपी पकड़ लिए गए। बाद में पूछताछ के दौरान एक आरोपी की निशानदेही पर पुलिस जब बरामदगी के लिए पहुंची, तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, चांदी की सिकड़ी और बाइक बरामद की है। फरार साथी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









