वाराणसी। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत थाना सिंधोरा में निरुद्ध माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों के निस्तारण की कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत मंगलवार को 16 वाहनों की नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे सरकारी खजाने में 2 लाख 46 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
यह कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त (पिंडरा) प्रशांत कुमार और थाना प्रभारी सिंधोरा पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई। नीलामी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए न्यायालय एसीजेएम-प्रथम के आदेश के अनुसार पहले ही व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया था।
नीलामी के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के तहत कुल 16 वाहनों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर एमटी शाखा प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन क्लीन’ का उद्देश्य थानों में लंबे समय से खड़े वाहनों और अन्य निष्प्रयोज्य सामान का नियमानुसार निस्तारण कर परिसर को व्यवस्थित बनाना है। इसी क्रम में सिंधोरा थाने में यह कार्रवाई की गई, जिससे थाना परिसर में जगह खाली होने के साथ ही सरकारी संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हो सकेगा।









