वाराणसी। प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचत, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की अपील अब उत्तर प्रदेश में जनअभियान का रूप लेती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत प्रदेश के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) सिंगल कार का उपयोग शुरू किया है।
इसे सरकार की पर्यावरण हितैषी नीतियों की एक व्यवहारिक पहल माना जा रहा है। सरकार ने मंत्रियों के काफिलों में 50 प्रतिशत तक कटौती और अनावश्यक वाहनों के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन बचत और स्वच्छ वातावरण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “ग्रीन इंडिया” विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने ईवी वाहन अपनाया है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की पहल से ही समाज में जागरूकता बढ़ेगी और यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेगा। मंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग और ईंधन बचत उपायों को अपनाने की अपील भी की।









