भदोही। मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति ने समय पर रक्त उपलब्ध कराकर एक मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के इस सराहनीय प्रयास से गंभीर रूप से बीमार लाल बिहारी शर्मा को समय पर उपचार मिल सका।
जीवन धारा मेडिकेयर प्रा. लि. हॉस्पिटल में भर्ती लाल बिहारी शर्मा की हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने तत्काल एक यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई। सूचना मिलते ही समिति के जिला उपाध्यक्ष छविनाथ शर्मा ने संस्था के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र शर्मा को मामले से अवगत कराया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष दिनेश चन्द्र शर्मा के निर्देश पर तत्काल विवेकानंद चेरिटेबल ब्लड बैंक, भदोही से एक यूनिट रक्त की व्यवस्था कराई गई। समय पर रक्त मिलने से मरीज का उपचार शुरू हो सका और परिजनों ने राहत की सांस ली।
पीड़ित परिवार ने भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति और रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान महादान है और हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने और समाज सेवा के कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।
भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति लगातार सामाजिक सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और मानवता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।













