वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर Yogi Adityanath के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर वाराणसी में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में हिन्दू युवा वाहिनी और त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कबीरचौरा स्थित राजकीय महिला अस्पताल के एमसीएच विंग में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर में हिन्दू युवा वाहिनी के वाराणसी मंडल प्रभारी अम्बरीश सिंह ‘भोला’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लेकर रक्तदान किया। शिविर के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया गया।
अम्बरीश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को प्रतिवर्ष सेवा, समर्पण और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाया जाता है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष व्यापक रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 500 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं, जो सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस समर्थकों और शुभचिंतकों के लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाजहित में सेवा कार्य करने का भी महत्वपूर्ण दिन है।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में भाग लेने की अपील की।













