भदोही। औराई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को सुबह करीब 5:30 बजे नटवा रेलवे क्रॉसिंग के पास पिलर संख्या 257/22 एवं 257/24 के बीच एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका का रंग गेहुआ, कद औसत बताया गया है। महिला ने धानी रंग की सलवार-कमीज और दुपट्टा पहन रखा था। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
औराई पुलिस ने आमजन से शव की शिनाख्त कराने में सहयोग की अपील की है। मामले में जानकारी देने के लिए प्रभारी निरीक्षक औराई और क्षेत्राधिकारी औराई के नंबर भी जारी किए गए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









