चंदौली। भगवान परशुराम सेवा समिति और ब्राह्मण समाज के लोगों ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में मंगलवार को सकलडीहा तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सपा प्रवक्ता द्वारा सार्वजनिक मंच से ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की गई, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करते हैं और समाज में तनाव की स्थिति पैदा कर सकते हैं।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठ सदस्य और युवा मौजूद रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो ब्राह्मण समाज और भगवान परशुराम सेवा समिति आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सत्यमूर्ति ओझा, सचिव पंकज पांडे, कोषाध्यक्ष अनूप तिवारी, रोहित तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









