वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार को प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके में बुलडोजर चलाया। सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 45 मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सुबह से ही कार्रवाई जारी है और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए 300 से 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स भी मौके पर मौजूद है। संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।
पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से पहले गुरुवार रात इलाके में मुनादी कराकर मकान मालिकों और दुकानदारों को अपना सामान हटाने के निर्देश दिए गए थे। शनिवार सुबह प्रशासनिक टीम बुलडोजर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण शुरू कराया गया।
प्रशासन के मुताबिक दालमंडी की 650 मीटर लंबी सड़क को 17.4 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। इस परियोजना के लिए कुल 187 प्रॉपर्टी चिन्हित की गई हैं, जिनमें 181 मकान और 6 मस्जिदें शामिल हैं। इसके अलावा करीब 1400 दुकानें भी इस परियोजना से प्रभावित होंगी।
बताया गया कि दालमंडी में पहली बार 29 अक्टूबर 2025 को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई थी। अब तक 62 भवनों को हटाया जा चुका है, जबकि शनिवार को 45 अन्य मकानों पर कार्रवाई जारी है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद इलाके में जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा।
एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि जिन 45 मकानों पर कार्रवाई की जा रही है, उनमें से 25 का बैनामा पहले ही हो चुका है, जबकि बाकी 20 मकान जर्जर हालत में हैं। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से कराई जा रही है और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।
मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी के के सिंह ने बताया कि शनिवार शाम तक चिन्हित सभी 45 भवनों पर कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल मस्जिदों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और इस संबंध में बातचीत जारी है।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि चौक और नई सड़क जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
गौरतलब है कि हाल ही में वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।













