वाराणसी। व्यापारी नेता शैलेश गुप्ता “बम-बम” पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में रविवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। महानगर उद्योग व्यापार समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कारोबारी लालपुर-पांडेयपुर थाने पहुंच गए और प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया।
व्यापारियों का आरोप है कि शैलेश गुप्ता एक पड़ोसी की पैरवी करने गए थे, जहां कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ रिवाल्वर की बट से वार कर उन्हें घायल कर दिया। घटना थाना क्षेत्र के पास होने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने से व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मामले को बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से वार्ता कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।









