मिर्जापुर। काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन कर मध्य प्रदेश लौट रहे श्रद्धालुओं की कार शनिवार देर रात मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से कार घुस जाने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दंपती के दो मासूम बच्चे सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के कटनी जिले के निवासी थे। वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद वे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लहुरियादह गांव के पास उनकी तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे में विकास और उनकी पत्नी सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक हीरालाल, हिमांशु, सक्षम और राधा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची ड्रमंडगंज थाना पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार घायल राधा की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि मृतक दंपती के दो मासूम बेटे शिवांश और रुद्र सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों ने उन्हें संभाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है।









