मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के चिन्दलिख दूबेपुर गांव में बीते जनवरी माह में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 9 जनवरी की है। शिकायतकर्ता अरविंद की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से जुड़े हैं और पहले खेत की मेड़ को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में बढ़ता चला गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वह लगातार अलग-अलग घटनाओं की शिकायत पुलिस से करता रहा, लेकिन विपक्षी पक्ष के रसूख के चलते उसकी सुनवाई नहीं हुई। उसका कहना है कि पूर्व में पुलिस ने उसे ही फंसाने का प्रयास किया था तथा आईजीआरएस पर की गई शिकायतों में भी गलत रिपोर्ट लगाई गई।
देहात कोतवाली पुलिस ने जिन पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है उनमें सुनील कुमार दुबे उर्फ टोनी, श्रवण कुमार दुबे, प्रवीण कुमार दुबे, प्रशांत उर्फ पिंकल पुत्रगण गौरी शंकर तथा प्रवीण उर्फ पप्पन शामिल हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 131, 309(4), 333, 351(3) और 352 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









