वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस ने वृद्ध महिला से चेन लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई करीब 9.09 ग्राम वजन की सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागायच और एसीपी सारनाथ विनय दुबे ने संयुक्त रूप से मामले का खुलासा किया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने 11 जुलाई को हेवेलिया क्रॉसिंग के पास से विजय चौहान उर्फ लकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर 6 जुलाई को सारनाथ क्षेत्र में एक 71 वर्षीय वृद्ध महिला की दुकान में घुसकर मारपीट करने और उनकी सोने की चेन लूटने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई सोने की चेन और चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।









