रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने व्यापक प्रदेशव्यापी दौरे की औपचारिक शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन हेलीपैड से विभिन्न जिलों के सघन भ्रमण के लिए रवाना हुए।
1 मई से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 10 जून तक चलेगा, जिसके तहत मुख्यमंत्री किसी भी जिले, विकासखंड या ग्रामीण क्षेत्र में औचक पहुंचकर जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री इस दौरान आम नागरिकों, हितग्राहियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेंगे। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी रूप से पहुंचे।
सुशासन तिहार के माध्यम से मुख्यमंत्री विकास कार्यों, प्रशासनिक जवाबदेही और योजनाओं के क्रियान्वयन की सीधी निगरानी करेंगे। साथ ही स्थानीय समस्याओं को सुनकर समाधान की दिशा में तत्काल निर्णय लेने पर भी जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी शामिल है, जिसमें प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और विशेष सचिव रजत बंसल प्रमुख रूप से मौजूद हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि यह अभियान शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनकेंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय रखने के साथ-साथ आम जनता के विश्वास को भी मजबूत करेगा।













