लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या, बस्ती और गोरखपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या और बस्ती में 937 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और सहायता सामग्री वितरित कर जनसभाओं को संबोधित किया।
अयोध्या में 432.70 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत अयोध्या जनपद के सोहावल से की। यहां उन्होंने बीकापुर के पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद 432.70 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बस्ती में 504.34 करोड़ रुपये की 77 परियोजनाओं की दी सौगात
अयोध्या के बाद मुख्यमंत्री बस्ती के हरैया पहुंचे। यहां उन्होंने 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का भूमि पूजन किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने हरैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र, प्रमाण-पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की गई।
गोरखपुर में भी कई कार्यक्रमों में हुए शामिल
अयोध्या और बस्ती के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न सरकारी एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रदेश में आधारभूत ढांचे, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













