जशपुरनगर। जिले के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे 133 गांवों, नगरों और टोला-मुहल्लों में अब अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लिया गया है।
दरअसल, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन देकर बिजली समस्या के समाधान की मांग उठाई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके फलस्वरूप 133 अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की मंजूरी दी गई। इससे जिले में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार होगा और बार-बार आने वाली लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
बिजली व्यवस्था में सुधार का सीधा लाभ किसानों, छात्रों और छोटे व्यवसायियों को मिलेगा। खेती-किसानी के कार्यों में सुगमता आएगी, वहीं पढ़ाई और व्यवसाय भी प्रभावित नहीं होंगे।
जिले को विद्युत क्षेत्र में पहले भी कई महत्वपूर्ण सौगातें मिल चुकी हैं। कुनकुरी के हर्राडांड में प्रदेश का अत्याधुनिक 400/220 केवी उपकेंद्र स्थापित किया जा रहा है, जो राज्य के बड़े उपकेंद्रों में शामिल होगा। इसके अलावा सलिहाटोली, विपतपुर, भगोरा, समडमा, मैनी, रेड़े, पालीडीह, खुटेरा और चेटवा सहित कई स्थानों पर 33/11 केवी सब-स्टेशन बनाए जाएंगे, जबकि फरसाबहार और झिक्की बगीचा में 132/33 केवी उपकेंद्र स्वीकृत किए गए हैं।
इन योजनाओं के लागू होने से जिले में बिजली की गुणवत्ता बेहतर होगी, औद्योगिक और कृषि गतिविधियों को गति मिलेगी और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार आएगा। इस घोषणा के बाद पूरे जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।









