गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति की राह में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।
गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीड़ित को न्याय मिले और हर मामले में संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाए।
राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने पारिवारिक विवादों में पहले आपसी संवाद और समझौते का प्रयास करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज का एस्टीमेट तत्काल तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर भी विशेष जोर दिया।
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने मंदिर की गोशाला का निरीक्षण किया, गोवंश को गुड़ खिलाया और उनकी देखभाल से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए।













