वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के साथ-साथ शिक्षा और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 6:05 बजे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह रोहनिया स्थित एक होटल में आयोजित डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम के लिए सर्किट हाउस जाएंगे।
बुधवार सुबह मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से चांदमारी स्थित अंतरराष्ट्रीय हस्तकला संकुल पहुंचेंगे। यहां वह बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा योजना का शुभारंभ करेंगे। इसी कार्यक्रम में वह डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भी हस्तांतरित करेंगे।
वाराणसी के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मिर्जापुर के विंध्याचल धाम रवाना होंगे, जहां मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके उपरांत अष्टभुजा अतिथि गृह में विंध्याचल मंडल के लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में लंबित कार्यों की प्रगति और नई विकास योजनाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर में हेलीकॉप्टर से चित्रकूट के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को धार्मिक आस्था, शिक्षा सुधार और विकास कार्यों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।













