वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष Ajay Rai ने प्रेस वार्ता के दौरान रोहनिया क्षेत्र के अखरी निवासी राकेश तिवारी की पुत्री के कथित अपहरण मामले को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में युवती के अपहरण के बाद से पीड़ित परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।
अजय राय ने कहा कि पीड़ित पिता राकेश तिवारी अपनी बेटी की तलाश में मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, भाजपा के मंत्रियों और विधायकों सहित विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है और बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि मामले में टोल प्लाजा पर लोकेशन मिलने जैसी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने के बावजूद जांच अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती तो संभवतः पीड़ित परिवार को राहत मिल सकती थी।
अजय राय ने सरकार से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा युवती की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को अपनी बेटी की तलाश में वर्षों तक भटकना न पड़े, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भी पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा ऐसे मामलों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।









