वाराणसी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या में नजरबंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ागांव ब्लॉक मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि को धार्मिक यात्रा या सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान नजरबंद करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने केवल राजनीतिक मुद्दों तक ही अपनी बात सीमित नहीं रखी, बल्कि बड़ागांव क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में वर्षों से अधूरे पड़े नाले के निर्माण, जलभराव की समस्या, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बेहतर विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा किसानों से जुड़े लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और जनसमस्याओं की अनदेखी जारी रही तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने सरकार से विपक्ष का सम्मान करने और जनता के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस और ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









