भर्ती के कुछ ही महीनों में रिश्वत लेते पकड़ा गया सिपाही बर्खास्त, 35 हजार रुपये की घूस लेते हुआ था गिरफ्तार

शाहजहांपुर। पुलिस विभाग में भर्ती के कुछ ही महीनों बाद रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार हुए सिपाही विवेक कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। एंटी करप्शन टीम ने उसे 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। मामले की विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार की भर्ती जून 2025 में पुलिस विभाग में हुई थी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 24 अप्रैल 2026 को उसकी पहली तैनाती जैतीपुर थाने में की गई थी। वह अभी परिवीक्षा काल में ही था कि 12 जून को थाना परिसर में रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़ गया।

मामले की विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने विवेक कुमार को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं, इस प्रकरण में संबंधित थाना प्रभारी की भूमिका की भी विभागीय स्तर पर जांच जारी है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!