जसवंतनगर/इटावा। नगर पालिका परिषद में कर्मचारियों के वेतन, नगर विकास कार्यों और वार्डों में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी को लेकर चल रही नाराजगी के बीच सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक Shivpal Singh Yadav से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने सभासदों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने चौधरी चरण सिंह विधि महाविद्यालय, हैंवरा में विधायक से मुलाकात की। सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा उनके वार्डों में विकास कार्यों की उपेक्षा की जा रही है तथा कर्मचारियों के वेतन और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
गौरतलब है कि हाल ही में नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित करनी पड़ी थी। पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार के अनुसार 25 सभासदों में से केवल 14 सभासद बैठक में पहुंचे थे, जिसके चलते बजट और विकास प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी। अब आगामी 25 मई को दोबारा बोर्ड बैठक बुलाई गई है।
नगर में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि नाराज सभासद आगामी बैठक में क्या रुख अपनाएंगे। पिछले कुछ समय से नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। सभासदों का कहना है कि उनके वार्डों में विकास कार्यों को लेकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।
विधायक Shivpal Singh Yadav ने सभासदों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि हाजी समीम, सभासद राजीव यादव, प्रमोद कुमार, कमल प्रकाश, मोहम्मद इरफान कुरैशी, संजय कुमार, संजीव यादव, अंकित कुमार, देवेंद्र यादव, मंजू देवी तथा सभासद प्रतिनिधि हेमू शाक्य, राम खिलाड़ी यादव, मोनू शर्मा और सुमित गिहार सहित कई लोग मौजूद रहे।













