रायगढ़। कलेक्टर के निर्देशन और आबकारी विभाग के विशेष अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा प्रांत की बीयर और व्हिस्की सहित कुल 96.580 लीटर अवैध मदिरा जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में 19 मई को आबकारी उप निरीक्षक रागिनी पटेल एवं उनकी टीम ने ग्राम सिहारधार में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी नुक सिंह भगत (36 वर्ष) के घर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
जांच के दौरान 122 बोतल उड़ीसा प्रांत की किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर, 48 पाव उड़ीसा निर्मित ऑफिसर च्वॉइस व्हिस्की तथा 48 पाव छत्तीसगढ़ निर्मित देशी प्लेन शराब जब्त की गई। बरामद मदिरा की कुल मात्रा 96.580 लीटर बताई गई है।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।









