वाराणसी। चौबेपुर थाना परिसर में जनसुनवाई के दौरान एक महिला आगंतुक के साथ कथित अभद्र व्यवहार और थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए महिला उपनिरीक्षक कुमारी रौशनी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच जारी है।
पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को जनसुनवाई के दौरान महिला आगंतुक के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराई गई।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) ने महिला उपनिरीक्षक कुमारी रौशनी सिंह के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करना सभी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है। यदि कोई पुलिसकर्मी अनुशासनहीनता या अभद्र व्यवहार का दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









