रायगढ़। शासन के निर्देशानुसार जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य आज से शुरू हो गया है। जिले के सभी अनुविभागों में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से सर्वेक्षण कर रहे हैं। यह अभियान 30 मई 2026 तक चलेगा।
प्रथम दिवस चार्ज अधिकारियों द्वारा प्रगणक दलों को उनके निर्धारित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया और समयबद्ध तरीके से सर्वेक्षण पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया तथा प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन जनगणना कार्य की सतत निगरानी कर रहा है, ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणक दलों को सही और पूर्ण जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें। जनगणना के माध्यम से भविष्य की विकास योजनाओं और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिलेगी।









