चंदौली। जनपद के ग्राम रेबसां में 1 मई 2026 को पूर्वांचल एग्रो इंडस्ट्रीज चावल मिल क्लस्टर परियोजना का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला बड़ा कदम माना जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत सामान्य सुविधा केंद्र (CFC) की स्थापना की जा रही है, जिसे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा MSE-CDP योजना के तहत समर्थन प्राप्त है। यह चावल क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अब तक के सबसे बड़े अनुदानों में शामिल है और भारत का सर्वाधिक वृहद चावल सामान्य सुविधा केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।
इस परियोजना से चंदौली और आसपास के क्षेत्रों के 40 हजार से अधिक कृषकों, उद्यमियों और श्रमिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है। इसके माध्यम से स्थानीय कृषि उत्पादन, प्रसंस्करण क्षमता, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को मजबूती मिलेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार यह परियोजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को बड़े औद्योगिक ढांचे से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आने वाले समय में यह चंदौली जिले को कृषि एवं चावल उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिला सकती है।
परियोजना निदेशक मृत्युंजय महादेव सिंह ने इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह प्रयास किसानों और स्थानीय समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगा।









