बलिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवरामपुर घाट पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां चार युवक-युवतियों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे चारों युवक-युवतियां गंगा स्नान के लिए घाट पहुंचे थे। स्नान करते समय अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान हर्षिता चौहान (17), नंदिता चौहान (12), अरुण चौहान (20) और अर्जुन चौहान (19) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन ने लोगों से नदी घाटों पर स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।













