रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपी ने शील पत्थर से हमला कर अपने दोस्त की हत्या कर दी थी। वैज्ञानिक जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस के मुताबिक, धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा में 12 जुलाई 2026 की रात 23 वर्षीय रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव उसके घर की परछी में मिला था। शव के पास खून से सना शील पत्थर पड़ा हुआ था, जिससे उसके सिर और गर्दन पर कई वार किए गए थे।
मृतक के पिता गोरखनाथ चौहान की सूचना पर थाना लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान घटनास्थल से एक गमछा भी बरामद हुआ, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना गया।
पुलिस डॉग ‘रूबी’ बनी जांच की अहम कड़ी
मामले की जांच में डॉग स्क्वॉड की भी सहायता ली गई। डॉग मास्टर वीरेन्द्र अनंत के साथ पहुंची पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान में मदद की और मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव की ओर संकेत किया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे तथा शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में उसने घर में रखा शील पत्थर उठाकर रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष) निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह इससे पहले दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एसएसपी ने पुलिस टीम को सराहा
हत्या की गुत्थी को कम समय में सुलझाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना लैलूंगा की टीम, थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, डॉग स्क्वॉड और डॉग मास्टर वीरेन्द्र अनंत की सराहना की है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉग मास्टर को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
एसएसपी ने कहा कि रायगढ़ पुलिस गंभीर अपराधों की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच के लिए प्रतिबद्ध है और हत्या जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।













