चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) स्थित केंद्रीय विद्यालय के प्रेक्षागृह में भगवान भगवान परशुराम के प्राकट्योत्सव (जयंती) पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा, उत्साह और गरिमा से भरपूर इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। आयोजन में करीब 5 से 6 हजार लोगों की उपस्थिति रही, जो इसकी भव्यता को दर्शाती है।
समारोह में कई प्रमुख हस्तियां और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें विनय शंकर तिवारी, उदय भान करवरिया, सुनील भराला, डॉ. राजेश, डॉ. सौना द्विवेदी, मिथिलेश तिवारी और पं. राजेशपति त्रिपाठी शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। कलाकारों ने भगवान परशुराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इस आयोजन का संचालन समस्त ब्राह्मण समाज, जिला चंदौली द्वारा किया गया। आयोजन में समाज के लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए सामाजिक समरसता और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।









