वाराणसी। पुलिस लाइन में शुक्रवार को प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी 491 महिला आरक्षियों का भव्य ग्रैंड रिहर्सल आयोजित किया गया। आगामी 26 अप्रैल को यहीं पासिंग आउट परेड का आयोजन होगा, जिसे लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
ग्रैंड रिहर्सल का निरीक्षण पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया। इस दौरान महिला आरक्षियों ने अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पासिंग आउट के बाद सभी आरक्षियों की तैनाती विभिन्न थानों में की जाएगी, जहां वे महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आरक्षियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रथम परेड कमांडर रेनू, द्वितीय रोशनी गुप्ता और तृतीय रोशनी देवी सहित कुल 18 महिला सिपाही शामिल हैं।
इस विशेष अवसर पर पासिंग आउट परेड समारोह को योगी आदित्यनाथ लाइव संबोधित करेंगे, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है।
रिहर्सल के दौरान डीसीपी प्रमोद कुमार और गौरव बंसवाल ने पुलिस आयुक्त के साथ गणतंत्र दिवस परेड की तर्ज पर जिप्सी से निरीक्षण किया। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी और एसीपी गौरव कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
पूरे रिहर्सल के दौरान अनुशासन और तालमेल की शानदार झलक देखने को मिली, जिससे साफ है कि आने वाली पासिंग आउट परेड भव्य और आकर्षक होने वाली है।













