, ,

जीआरपी ने बरामद किए 400 गुम मोबाइल फोन, यात्रियों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

वाराणसी। ट्रेन और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बड़ी राहत दी है। पुलिस ने अभियान चलाकर कुल 400 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। शुक्रवार को 90 यात्रियों को थाने बुलाकर उनके मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल हाथ में पाकर यात्रियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने जीआरपी टीम का आभार जताया।

जीआरपी वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में मोबाइल बरामदगी के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। रेलवे परिसर में यात्रियों के मोबाइल गुम होने और चोरी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस क्रम में पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह ने मोबाइल बरामदगी अभियान को गति देने के लिए निर्देशित किया।

अधिकारियों के निर्देश पर जीआरपी कैंट थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। टीम ने मोबाइल से संबंधित उपलब्ध जानकारियों के आधार पर उनकी लोकेशन और इस्तेमाल से जुड़े सुराग जुटाए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। पुलिस ने चोरी और मोबाइल गुम होने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप अलग-अलग स्थानों से कुल 400 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।

मोबाइल फोन बरामद होने के बाद जीआरपी ने संबंधित आवेदकों से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। शुक्रवार को 90 यात्री अपने मोबाइल प्राप्त करने के लिए जीआरपी कैंट थाने पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पहचान और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके मोबाइल फोन वापस सौंप दिए। शेष बरामद मोबाइल फोन भी उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

मोबाइल वापस मिलने पर यात्रियों ने खुशी जताई। कई लोगों के लिए मोबाइल केवल संपर्क का साधन नहीं, बल्कि जरूरी दस्तावेजों, व्यक्तिगत जानकारियों और अन्य महत्वपूर्ण डेटा का माध्यम भी होता है। ऐसे में खोया हुआ फोन वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत साबित हुआ। यात्रियों ने जीआरपी अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए अभियान की सराहना की।

इस अभियान में उपनिरीक्षक सोहनपाल वर्मा, हेड कांस्टेबल सौभाग्य पांडेय, सत्येंद्र बहादुर शाह, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार यादव, सोनू सिंह, मिथिलेश और हेड कांस्टेबल विजय शंकर राय सहित जीआरपी एवं सर्विलांस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Follow us

error: Content is protected !!